Karoli 20 घंटे बाद बच्ची का शव बरामद, परिजनों को सौंपा
करौली न्यूज़ डेस्क, ग्राम पंचायत रौंसी के बड़ापुरा गांव में रविवार दोपहर करीब एक बजे गलवा नाले के तेज बहाव में बही बारह वर्षीय बालिका आसना पुत्री विकास मीना का शव सोमवार सुबह नौ बजे मिल गया। एसडीआरएफ की टीम ने सघन तलाशी के बाद नाले के पास से शव को बरामद कर लिया। इस दौरान गंगापुरसिटी जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी, पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। साथ ही पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान विकास अधिकारी विक्रम सिंह गुर्जर ने कलक्टर व एसपी को रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र नादौती लाया गया। जहां डॉ. राजेन्द्र शर्मा के दिशा निर्देशन में मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर बालिका के शव को परिजनों को सौंप दिया। उल्लेखनीय है कि बड़ापुरा की कक्षा सात की छात्रा आसना कुछ महिलाओं के साथ रविवार दोपहर गलवा नाले में पानी के बहाव को देखने के लिए गई थी। जो नाले की सपाट पर पानी के तेज बहाव में बह गई थी। उस दौरान ग्रामीणों व गोताखोरों ने बालिका की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू करने पर बालिका का शव नाले के पास मिला। पोस्टमार्टम के दौरान उपखंड अधिकारी सुनीता मीना, विकास अधिकारी विक्रमसिंह गुर्जर, तहसीलदार डीडी. सारस्वत, पुलिस उपधीक्षक मुरारीलाल मीना, थानाधिकारी भोजाराम, सरपंच सीताराम मीना, ग्राम विकास अधिकारी हरीश कुमार अवस्थी, जेईएन मुरारीलाल हरसाना, समाजसेवी रामजीत पटेल आदि मौजूद रहे।परिजनों में मचा कोहराम: बालिका आसना की मौत से परिजन बेहाल हो गए।गांव में शोक छा गया। किसी के घर चूल्हा नहीं जला। गमगीन माहौल में सोमवार को बालिका के शव की अंत्येष्टि की गई।
