Karoli 35 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार, भेजा जेल
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली की जिला स्पेशल पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपए के इनामी बदमाश तिमन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी तिमन सिंह फायरिंग, हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य मामलों में करीब 3 साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। करौली एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर करीब 3 साल से हत्या, लूट, डकैती, फायरिंग जैसे मामलों में फरार चल रहे बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को आरेनी क्षेत्र से दबोचा है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी हिंडौन के झिरना गांव निवासी तिमन सिंह है। आरोपी की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल रामदास की अहम भूमिका रही है। आरोपी पर भरतपुर जिले में पांच मामले दर्ज हैं और करौली एसपी द्वारा 25 हजार रुपए और भरतपुर एसपी द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित है। 3 दिन पहले ही आरोपी के एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
