Aapka Rajasthan

Karoli त्योहारी खरीदारी से बाजार हुए गुलजार, राखियों से दमकीं दुकानें

 
Karoli त्योहारी खरीदारी से बाजार हुए गुलजार, राखियों से दमकीं दुकानें
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी के चलते रविवार को अवकाश के दिन शहर के बाजारों में खरीदारों की खासी भीड़ रही। त्योहारी खरीद के चलते शहर के बाजार राखियों से गुलजार नजर आए। बाजारों में खरीदारों की चहलपहल बढऩेे से दुकानदार भी व्यस्त दिखाई दिए। वहीं दर्जनों दुकानों पर चटक रंग वाली मिठाइयों की भी सस्ती दर पर खूब बिक्री हुई। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ के चलते दिन में कई बार जाम की स्थिति भी बनी।बाजार में कई विक्रेताओं ने राखी की अनेक वैरायटी सजा रखी हैं। बच्चों में राखी के त्योहार को लेकर उत्साह रहा और वे अपनी पसंद की राखी की डिमांड कर खरीदारी करते नजर आए। बाजार में जरी और कोलकाता की राखियां लोगों को काफी पसंद आईं। बाजार में 1 से 500 रुपए तक की अनेक डिजायनों में राखियां उपलब्ध हैं।

राखी विक्रेता मुकेश, मनीष, पंकज आदि ने बताया कि बच्चों में मोबाइल घड़ी, टेडी बीअर के अलावा भगवान की राखी भी लुभा रहीं हैं। वहीं ब्रेसलेट, रुद्राक्ष और कुंदन के अलावा चूड़ा राखी और लटकन भी विशेष पसंद रही। इसके अलावा बाजार में फल, नारियल आदि की भी काफी डिमांड रही। पर्व के चलते गिफ्ट की दुकानों पर भी नई वैरायटी का सामान उपलब्ध है। कई कंपनियां अपने अपने उत्पादों पर काफी डिस्काउंट भी दे रही हैं।

एक सप्ताह बाद बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

हिण्डौनसिटी अतिवृष्टि से हुए जलभराव सूने पड़े बाजार एक सप्ताह बाद फिर से गुलजार हो गए। रक्षाबंधन से एक दिन पहले त्योहारी खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ रही। हालांकि कटरा बाजार, पुरानी मंडी बाजार में रास्तों के कीचड़ से अटे होने से खरीदारों की आवक कम रही।शहर के डेम्परोड बाजार, सराफा बाजार, शीतला चौराहा बाजार, जगदम्बा मार्केट, नई मंडी, चौपड़ बाजार में राखियों व मिठाइयों की दुकानें सजने से त्योहारी खुशहाली नजर आई।