Karoli फार्म पौण्ड निर्माण में कृषकों का बढ़ा रुझान, सिंचाई में बने उपयोगी
करौली न्यूज़ डेस्क , करौली पटोंद कस्बा सहित आसपास की पंचायतों में प्रगतिशील कृषकों का रुझान फॉर्म पौण्ड निर्माण में बना हुआ है। बारिश के पानी को फार्म पौण्ड में एकत्र कर मानसून के बाद सिंचाई के उपयोग में लिया जाता है। पटोंदा, सनेट, ईरनिया, कांदरौली , जहांनाबाद, सनेट कापुरा, जाटव बस्ती आदि गांवों में कई किसानों ने फार्म पौण्ड का निर्माण कराया है। जो कि बहुत उपयोगी साबित हो रहे हैं। इन पर किसानों को कृषि विभाग की ओर से अनुदान भी मिल रहा है। पौण्ड निर्माण के लिए किसान के पास 30 एयर जमीन होना आवश्यक है। 20 मीटर लंबा व 20 मीटर चौड़ा तीन मीटर गहरा यानी 1200 घन मीटर पौण्ड के निर्माण पर लघु सीमांत कृषक को 1 लाख 35 हजार तथा सामान्य कृषक को 1 लाख 20 हजार रुपए प्लास्टिक लाइनिंग के फार्म पौण्ड पर देय है।

इस क्षेत्र में कच्चे पौण्ड सफल नहीं होने के कारण प्लास्टिक लाइनिंग के ही बनाए जाते हैं। 1200 मीटर से कम होने पर अनुदान भी कम मिलता है। कम से कम 400 घन मीटर का फार्म पौण्ड होना आवश्यक है। पौण्ड निर्माण के लिए कृषक के स्वयं के नाम एक स्थान पर न्यूनतम कृषि योग्य भूमि 0.3 हैक्टेयर एवं संयुक्त खातेदार की स्थिति में एक स्थान पर न्यूनतम भूमि 0.5 हैक्टेयर होनी चाहिए। अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
