Karoli जिले में अब नशे के सौदागरों की संपत्ति होगी फ्रीज
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले में स्मैक के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए जिला पुलिस की ओर से अब नशे के सरगनाओं की संपत्ति फ्रीज की जाएगी। इसके लिए पुलिस की ओर से कार्ययोजना बनाई जा रही है। जिला पुलिस एनडीपीसएस एक्ट 1985 की धारा 68एफ के अंतर्गत अवैध रूप (ड्रग्स ट्रेफिकिंग) से प्राप्त की गई संपत्तियों को जब्त या फ्रीज करने की कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि नशे के सौदागरों पर नकेल कसने के लिए कई ड्रग्स माफियाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन स्मैक आउट के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं नशे के व्यापार में लिप्त सरगनाओं के खिलाफ अब पुलिस इनकी संपत्ति जब्त या फ्रीज करने की कार्रवाई भी प्रभावी रूप से करेगी, जिससे इस प्रकार के अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।
मूल्य/मात्रा के आधार पर प्रमुख 5 कार्रवाई : खेड़ाशीश से 1 आरोपी के कब्जे से 76 ग्राम स्मैक, नदी के पास इनायती से 3 आरोपियों के कब्जे से 57.61 ग्राम स्मैक, रेण्डायल रोड पुलिया के पास मनासा जिला नीमच मध्यप्रदेश निवासी 1 आरोपी से 2 किलो 200 ग्राम अफीम, डूड़ापुरा मोड़ से एक आरोपी के कब्जे से 151 ग्राम 7 मि.ग्रा. स्मैक तथा 1 देशी कट्टा मय कारतूस व नारौली डांग निवासी एक आरोपी के कब्जे से 63.11 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं जिला पुलिस ने वर्ष 2024 में नशे के सरगनाओं के खिलाफ स्मैक आउट सहित अन्य अभियान चलाते हुए कई सरगनाओं को गिरफ्तार किया जिन पर अनेक मामले एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किए गए।पुलिस ने इस वर्ष पांच प्रमुख सरगना गिरफ्तार किए हैं। इसमें आरोपी महेश माली उर्फ नाकड, गोपाल उर्फ गोपी, गीताराम मीना, कल्लू उर्फ हरकेश मीना, बलराम मीना शामिल हैं, जिनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
