Aapka Rajasthan

Karoli घरेलू उद्योग लगाकर आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, 3.50 करोड़ का ऋण वितरित

 
Karoli घरेलू उद्योग लगाकर आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, 3.50 करोड़ का ऋण वितरित

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली यहां सोमवार को राजीविका के तहत संचालित 70 महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि महिलाओं को पंजाब नेशनल बैंक की ओर से समारोह में तीन करोड़ पचास लाख का ऋण वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक जयवीर सिंह ने की। वहीं मुय अतिथि के रूप में पीएनबी कोटा के उपमण्डल प्रबंधक इन्द्रजीत ने शिरकत की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीविका के वित्तीय प्रबंधक सत्यप्रकाश बैरवा, प्रधान प्रतिनिधिबहादुर सिंह गुर्जर, सरपंच रमेश चंद कोली, व्यापार मण्डल अध्यक्ष ब़ृजकरण सिंह, पूर्व प्रधान भंवर सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस मौके पर अतिथियों ने समूहों की महिला प्रतिनिधियों को ऋण प्रमाण पत्र वितरित किए। मुय अतिथि उपमण्डल प्रबंधक इन्द्रजीत ने कहा कि महिलाओं की आत्म निर्भरता से ही परिवार, समाज व राष्ट्र की खुशहाली संभव है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से संचालित लखपति दीदी मिशन की सफलता महिला स्वयं सहायता समूहों पर ही निर्भर है। राजीविका के जिला प्रबंधक सोमेश गुप्ता ने महिला स्वयं सहायता समूहों के सफल संचालन को लेकर जानकारी दी। वित्तिय प्रबंधक सत्यप्रकाश बैरवा ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए संचालित ऋण प्रक्रिया की जानकारी देकर ऋण की अदायगी समय पर करने की बात कही। अध्यक्षता कर रहे शाखा प्रबंधक जयवीर सिंह, शाखा प्रबंधक गुढाचन्द्रजी सुरेन्द्र मीना, कृषि अधिकारी राजूलाल चौधरी आदि ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नादौती व गुढ़ाचन्द्रजी शाखा की ओर से डेयरी, सिलाई, कढ़ाई, आचार, मुरब्बा, दस्तकारी आदि लघु उद्योग से सबद्ध कार्यों के लिए साढ़े तीन करोड़ का ऋण वितरण किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रधान प्रतिनिधि बहादुरसिंह खटाना, व्यापार मण्डल अध्यक्ष बृजकरण सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर रामोतार खटाना, सोहनलाल, राकेश, लोकश मीना, बिजेन्द्र मीना आदि ने सहयोग किया।