Aapka Rajasthan

Karoli बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग, टंकी पर चढ़ा युवक

 
Karoli बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग, टंकी पर चढ़ा युवक

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र के अंधपुरा गांव में कई दिन से विद्युत आपूर्ति नहीं होने और अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। इस दौरान युवक अपने साथ पेट्रोल की बोतल और एक माचिस भी ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही मासलपुर थाना पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में विद्युत व्यवस्था को सुचारु करने का कार्य शुरू हुआ। इसके बाद युवक समझाइश पर नीचे उतरा।

मासलपुर थाना अधिकारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि राजेश (27) पुत्र श्योदन निवासी अंधुपुरा सुबह 8 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि कई दिन से क्षेत्र में बिजली नहीं आ रही है। क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत पोल टूटे हुए हैं और विद्युत लाइन भी काफी पुरानी है। जिसके चलते बार-बार बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। इस दौरान युवक और ग्रामीणों ने क्षेत्र के लाइनमैन को भी हटाने की मांग की। समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। समस्या से परेशान होकर युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी नीरज शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था को सुधारने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को नए लगाने, पुरानी विद्युत लाइन को बदलने और लाइनमैन को भी हटाने की मांग की। ग्रामीणों और पुलिस की समझाइश और विद्युत विभाग के सहायक अभियंता के आश्वासन पर युवक टंकी से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।