Aapka Rajasthan

Karoli तीन दरवाजा और रणगमा तालाब की मरम्मत की मांग, सौंपा ज्ञापन

 
Karoli तीन दरवाजा और रणगमा तालाब की मरम्मत की मांग, सौंपा ज्ञापन
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुख्यालय स्थित रियासत कालीन तीन दरवाजा बांध और रणगमा तालाब की क्षतिग्रस्त पाल की मरम्मत करवाने की मांग को लेकर मोहल्ले वासियों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है। एडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बांध और तालाब की पाल की मरम्मत कराने की मांग की है।आलोक शर्मा, केशव आदि ने बताया कि राजा गणेशपाल ‌द्वारा मेला ग्राउंड के समीप मेढ़की में तीन दरवाजा बांध का निर्माण करवाया गया था, जो करौली शहर के जल स्तर को रीचार्ज करता था। 2016 में बांध की पाल क्षतिग्रस्त होने से करौली शहर में जल भराव के कारण बाढ़ के हालत पैदा हो गए थे। जिससे करौली शहर को भारी नुकसान हुआ। सन 2016 से आज तक तीन दरवाजा क्षतिग्रस्त बांध की पाल का निर्माण नहीं हुआ है। कई बार प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।

जब भी बारिश आती है तो शहर के बाहरी भाग में जल भराव के कारण बाढ़ के हालत पैदा हो जाते हैं, जिसमें प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ती है और आमजन को जान माल का भारी नुकसान होता है। रणगमा तालाब, आमली वाले तालाब, बड़ वाले तालाब, सोलकी डंगरिया तालाब, मेला ग्राउंड और ताल सहित क्षेत्र के नालों में आने वाले पानी का पांचना बांध तक जाने का रियासतकालीन रास्ता है। क्षेत्रवासियों ने बांध की पाल का निर्माण कराने और करौली शहर को जल भराव से मुक्ति दिलाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मरम्मत से शहर को एक नया स्वरूप मिलेगा और वर्षा के जल को भी संरक्षित किया जा सकेगा, जिससे करौली शहर का भूजल स्तर भी बढ़ेगा। इस दौरान क्षेत्र के कई महिला और पुरुष मौजूद रहे।