Karoli 6 माह में भी नहीं बदल सका जल सप्लाई वॉल्व, जलापूर्ति हो रही बाधित
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियोें की अनदेखी लोगों को परेशानी बनी हुई है। इसका नमूना हाल ही में सामने आया है। करीब 6 माह की लम्बी अवधि में विभाग जलापूर्ति के एक सप्लाई वॉल्व को न तो बदला जा सका है और न ही उसे दुरुस्त कराया गया है। अधिकारियों की मानें तो विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को अधीनस्थ कार्मिकों ने इसकी जानकारी तक नहीं दी और तीन दिन पहले जब जिला कलक्टर को इस बार में जानकारी मिली तो विभाग के अधिकारी हरकत में आए। विभागीय कर्मचारियों की इस अनदेखी का खमियाजा कई कॉलोनियों के बाशिंदों को उठाना पड़ रहा है।
असल में मामला यहां कृषि उपज मण्डी यार्ड के पीछे स्थित उच्च जलाशय का है, जहां से जलापूर्ति के लिए पाइन लाइनें निकल रही हैं। वार्ड क्षेत्रों में सप्लाई की जाने वाली पाइप लाइन का वॉल्व करीब 6 माह पहले खराब हो गया, जिसकी कर्मचारी अनदेखी करते रहे। नतीजतन इससे जलापूर्ति बाधित हो रही है और केवल ओवरफ्लो के पानी से ही कॉलोनियों में पानी पहुंच रहा है। लेकिन ओवरफ्लो से समुचित पानी लोगों को नहीं मिल रहा और उन्हें पेयजल समस्या झेलनी पड़ रही है। विशेष परेशानी अन्तिम छोर पर स्थित घरों में होती है, जहां पानी पहुंच ही नहीं पाता।
आरयूआईडीपी ने तैयार की थी जल योजना : गौरतलब है कि राजस्थान अरबन इन्फ्रास्ट्रेक्चर डवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) की ओर से कृषि उपज मण्डी यार्ड के पीछे शहरी जल योजना के तहत उच्च जलाशय निर्माण के साथ पाइप लाइन डाली गई थी। इस जल योजना के जरिए नगरपरिषद क्षेत्र के आधा दर्जन वार्डों में जलापूर्ति निर्धारित की गई। इनमें वार्ड नम्बर दो, चार, पांच, आठ, नौ और 32 को शामिल किया गया। इन वार्ड क्षेत्रों में कई कॉलोनियां बसी हुई हैं।
