Aapka Rajasthan

Karoli दिनभर नदी में युवक की तलाश जारी, नहीं मिला सुराग

 
Karoli दिनभर नदी में युवक की तलाश जारी, नहीं मिला सुराग
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली क्षेत्र की बनास नदी की पुलिया पर तेज बहाव में नदी पार करते समय मंगलवार रात बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित बहे चालक का दूसरे दिन बुधवार को भी शाम तक पता नहीं चल सका। न ही ट्रैक्टर-ट्रॉली का सुराग लगा। सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में युवक की तलाश में दिनभर जुटी रहीं।सपोटरा थाना अधिकारी अनिल कुमार गौतम ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे रवि बैरवा (25) पुत्र रामस्वरूप निवासी मांगरोल ट्रैक्टर-ट्राली में बजरी भरकर बनास नदी पार कर रहा था। इस दौरान पूरी पहाड़ी और हाड़ौती के बीच बहने वाली बनास नदी की पुलिया को पार करते समय तेज बहाव के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित बह गया।

सूचना पर डीएसपी हरिराम, तहसीलदार नवल किशोर शर्मा, थाना अधिकारी अनिल कुमार गौतम, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रूपराम मीणा सहित अन्य भी मौके पर पहुंचे और नदी में चालक की तलाश शुरू कराई। तहसीलदार नवलकिशोर शर्मा ने बताया कि एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस टीम की मदद से चालक की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण चालक और ट्रैक्टर ट्राली का पता नहीं लग सका। बुधवार सुबह फिर से सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की मदद से नदी में चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश शुरू की गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं बनास नदी में बहे युवक का पता नहीं चलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बनास नदी पर लगी भीड: पानी के तेज बहाव के साथ बहे युवक व ट्रैक्टर-ट्रॉली के बहने की सूचना पर सपोटरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक लोग बनास नदी पर पहुंच गए।