Aapka Rajasthan

Karoli कड़ाके की सर्दी से बढ़ी ठिठुरन, जले अलाव

 
Karoli कड़ाके की सर्दी से बढ़ी ठिठुरन, जले अलाव

करौली न्यूज़ डेस्क, जिले में तापमान में गिरावट का दौर जारी है। तापमान गिरने से सर्दी का असर बढ़ने लगा है। दिन और रात के तापमान में काफी अंतर आने के कारण सुबह और शाम लोगों को अधिक ठिठुरन महसूस हो रही है। शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान भी काफी कम हो गया। तापमान गिरने और सर्दी बढ़ने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। सर्दी के कारण जहां लोग सुबह देर तक घरों पर रहने को मजबूर हैं तो शाम ढलते ही आमजन घर पहुंचने की जल्दी में नजर आते हैं। वहीं सर्दी से बचने के लिए अलाव का भी सहारा लेने लगे हैं। हालांकि दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली हुई है, लेकिन शाम ढलते ही तेज सर्दी का असर शुरू हो जाता है। इधर सर्दी बढ़ने के साथ ही बाजारों में गर्म कपड़े और गर्म खाद्य पदार्थों की बिक्री में इजाफा हुआ है। वहीं सर्दी में तेजी के साथ फसलों को भी फायदा मिल रहा है। उनमें रंगत आ गई है।हिण्डौनसिटी आधा दिसम्बर माह बीतने के साथ ही सर्दी के तेवर और तीखे हो गए हैं। गत दिवस तापमान में एक डिग्री के उछाल के बाद शनिवार को दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट से क्षेत्र में गलन भरी सर्दी ने दस्तक दे दी।

शनिवार को पारा लुढ़क कर 1.6 डिग्री सेल्सियस पर जा टिका। इससे सुबह लोगों को कंपकपाने वाली सर्दी का अहसास हुआ। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा होने से लोगो को सर्दी से कुछ राहत रही, लेकिन उत्तर भारत की ओर से आई बर्फीली हवाओं से शनिवार सुबह पारे के दो डिग्री गिरने से सर्दी तेज हो गई। सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों की धूजणी छुटा दी। दिन में अधिकतम तापमान के 23.2 डिग्री सेल्सियस से पहुंचने से धूप में तेज रहने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। वही सांझ ढलने के साथ तापमान के फिर से गिरने से मौसम सर्द हो गया। सर्दी से राहत पाने के लिए शहर में जगह जगह लोग अलाव तापते नजर आए। वहीं बाजारों में भी शाम को सर्दी की वजह से लोगों की आवाजाही कम हो गई। दुकानें भी अन्य दिनों की अपेक्षा जल्दी बंद हो गईं। कृषि विज्ञान केन्द्र में मौसम वैज्ञानिक डॉ. एमके नायक ने बताया कि ऑटो मैटिक मौसम संयंत्र पर शनिवार के न्यूनतम तापमान 1.6 व अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।जबकि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.3 व अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। क्षेत्र के हवा का वेग कम रहने व तापमान के 4 डिग्री से कम होने से पाला पड़ने की संभावना बनी हुई है।