Karoli स्वच्छता अभियान का मखौल, कलेक्ट्रेट में ही सफाई का बुरा हाल
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली यहां कलक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान का मखौल उड़ रहा है। परिसर में जगह-जगह पड़ी गंदगी और कचरे के ढेर स्वच्छता को मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं परिसर में कई शौचालयों और खुले में शराब के पव्वे और बीयर की बोतल तक पड़ी मिली। गौरतलब है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिले में साफ सफाई के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना ने स्वयं ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया था। इसके अलावा अधिकारियों को भी अपने कार्यालय परिसरों की सफाई के संबंध में निर्देश दिए गए थे।
लेकिन कलक्ट्री परिसर में कार्यालयों के पिछवाड़े सहित चारदीवारी के पास कई महीनों से गंदगी व कचरा जमा हुआ है। टॉउन हॉल के सामने गहरे गड्ढ़े में करीब 6 माह से कचरा नहीं उठाया गया है। पास ही कई महीनों से जंग खा रहे ड्रमों में मच्छर पनप रहे हैं। वहीं सफाईकर्मी दिखाई देने वाले स्थानों पर ही सफाई कर कर्तव्य की इतिश्री कर रहे हैं। कई कार्यालयों में अब तक कबाड़ का निस्तारण नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की अव्यवस्थाओं के चलते अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहा है। कई शौचालयों में शुक्रवार सुबह बीयर की बोतल व शराब के पव्वे पड़े थे। डिस्पोजल गिलास और नमकीन पाउच भी बिखरे दिखे।
सिटी पार्क में भी कमोबेश यही हाल: यही हालात कलक्ट्रेट के सामने सार्वजनिक सिटी पार्क में दिखाई दी। जहां बैठने की एक बैंच के पास शराब के पव्वे पड़े थे। लोगों ने बताया कि जब पूरी तरह सरकारी सुरक्षा में रहने वाली कलक्ट्री के हालात खराब हैं तो सार्वजनिक पार्क के बारे में बात करना बेमानी है।
