Karoli पूर्व विधायक हंसराम गुर्जर की 19वीं पुण्यतिथि मनाई
करौली न्यूज़ डेस्क, नगर परिषद और नेहरू युवा केंद्र की ओर से रविवार को टाउन हॉल में पूर्व विधायक हंसराम गुर्जर की 19वीं पुण्यतिथि के मौके पर संस्मरणों की यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर सभापति प्रतिनिधि मुकेश पचौरी ने कार्यक्रम की जानकारी दी।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के संभाग प्रभारी हेमराज मीणा, सपोटरा विधायक हंसराज मीना, वरिष्ठ नागरिक दर्शनीलाल शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी रही इंदु देवी जाटव, रमेश राजोरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक सिंह धावाई आदि ने पूर्व विधायक हंसराम गुर्जर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक हंसराम गुर्जर ने करौली को जिला बनाने में एवं अहम भूमिका निभाई थी। मुख्यमंत्री भैरो सिंह शेखावत द्वारा मंत्री पद का प्रस्ताव मिलने पर पूर्व विधायक हंसराम ने मंत्री पर ठुकरा दिया और करौली को जिला बनाना स्वीकार किया। इसके बाद 19 जुलाई 1997 को करौली जिला बना।कार्यक्रम में पूर्व विधायक हंसराम के पुत्र व स्थानीय विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, बड़े पुत्र भरत गुर्जर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी व शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने पूर्व विधायक हंसराम के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के अंत में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद ट्रक यूनियन स्थित पूर्व विधायक हंसराम गुर्जर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
