Karoli पिछले एक माह से सीबीसी मशीन खराब, नहीं हो रही खून की जांच
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले एक महीने से सीबीसी मशीन के खराब होने से जांच कार्य बंद पड़ा है। जिसके कारण मरीजों को निजी लैबों पर जाकर जांच करानी पड़ रही है। जहां रुपए लगते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार ग्रामीणों ने समस्या से अवगत कराया, लेकिन मशीन ठीक नहीं हो पाई है। सीबीसी मशीन ठीक नहीं होने से मरीजों को जांच के लिए निजी लैबों पर जाना पड़ता है या फिर शहर के सरकारी अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मरीज गंगापुरसिटी, बांदीकुई, दौसा आदि के अस्पतालों में जाने को मजबूर है।
चिकित्साकर्मियों ने बताया कि पिछले सप्ताह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीबीसी मशीन को ठीक करने का प्रयास भी किया गया लेकिन पार्ट्स नहीं मिलने के कारण ठीक नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चार दर्जन से भी अधिक गांवों के रोजाना करीब 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं। वहीं मौसमी बीमारियों के दौर में मरीजों की संख्या इससे अधिक हो जाती है। ऐसे में सीबीसी मशीन का शीघ्र ठीक होना आवश्यक है। जिससे उनको दूसरी जगह जांच के लिए नहीं जाना पड़े। मरीजों ने शीघ्र मशीन ठीक कराने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि सीबीसी मशीन रक्त के माध्यम से शरीर की विभिन्न जांचों के उपयोग में आती है।मशीन खराब होने के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा रखा है। मशीन के पार्ट्स नहीं मिल रहे हैं। ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
