Aapka Rajasthan

Karoli शारदीय नवरात्रि पर कैला माता के दरबार में शक्ति की आराधना शुरू

 
Karoli शारदीय नवरात्रि पर कैला माता के दरबार में शक्ति की आराधना शुरू
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कैलादेवी आस्थाधाम में गुरुवार को घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र मेला शुरू हो गया। शारदीय नवरात्र में विधि विधान से माता की पूजा-अर्चना, शतचंडी पाठ, भैरव स्त्रोत पाठ, कन्या-लांगरा पूजन जैसे अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ आस्थाधाम में शारदीय नवरात्र मेला भी शुरू हो गया। पहले दिन विभिन्न स्थानों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर मनौती मांगी। इस दौरान कैलामाता के जयकारे गुंजायमान होते रहे। हालांकि गत वर्षों के मुकाबले इस बार शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, लेकिन आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

घट स्थापना के अवसर पर कैलादेवी मंदिर ट्रस्ट के सोल ट्रस्टी कृष्णचन्द्र पाल पहुंचे और माता की पूजा-अर्चना की। इसके साथ घट स्थापना के दौरान पंडित प्रकाशचन्द जति द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। मेला अधिकारी और कंट्रोल रूम प्रभारी एडवोकेट संतोष कुमार सिंह एवं कैलादेवी मंदिर ट्रस्ट के मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि शारदीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही माता के मंदिर में घट स्थापना हुई है। प्रतिदिन 21 पंडितों द्वारा माता का शतचंडी पाठ, देवी भागवत, भैरवजी पाठ किए जाएंगे। अष्टमी की रात्रि को हवन होगा और नवमीं को धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे। मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि शारदीय नवरात्र मेले के मद्देनजर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर की रैलिंगों में भक्तों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। एडीएम राजवीरसिंह ने बताया कि मेले के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई हैं।

शारदीय नवरात्र की शुरूआत पर गुरुवार को घट स्थापना के साथ जिलेभर में शक्ति आराधना शुरू हो गई। देवी मंदिरों में घट स्थापना हुई, वहीं हनुमान मंदिरों में अखण्ड रामायण पाठ शुरू हुए हैं, जो 9 दिन तक चलेंगे। यहां सायनात खिड़किया बाहर स्थित आत्मादास की बगीची, बारी पाड़ा स्थित कंकाली देवी मां सहित अन्य स्थानों पर देवी मां, चामुण्डा देवी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। वहीं तीन बड़ स्थित हनुमान मंदिर, कलक्ट्रेट सर्किल स्थित हनुमान मंदिर, सायनात खिड़किया स्थित बाहर स्थित हनुमान मंदिर, वीर हनुमानजी, होली खिड़किया सहित अन्य दर्जनों हनुमान मंदिर, देवालयों में अखण्ड रामायण पाठ शुरू हुए हैं। इससे चौपाइयों के स्वर गूंजने लगे हैं। इसी प्रकार चिकना फर्श स्थित गुमानो माता मंदिर में घट स्थापना हुई। साथ ही देवी भागवत शुरू हुई। प्रतिदिन देवी मां की विशेष-पूजा अर्चना के साथ शाम को 7 बजे आरती की जाएगी। धार्मिक आयोजनों के चलते माहौल धर्ममय हुआ है।