Karoli बंद का आह्वान आज, पुलिस-प्रशासन हुआ चाक-चौबंद
करौली न्यूज़ डेस्क, अनुसूचित जाति, जनजाति के आरक्षण में उप वर्गीकरण तथा क्रीमीलेयर लागू करने के सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरोध में एससी,एसटी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से 21 अगस्त को भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने जिले भर में सुरक्षा प्रबंधों को चाकचौबंद कर लिया है। वहीं बंद के आह्वान से जुड़े लोग मंगलवार को आयोजन की सफलता की तैयारियों में जुटे रहे।समिति की करौली इकाई की ओर से इस संबंध में मंगलवार को प्रेस वार्ता कर करौली बंद के आह्वान के तहत रैली मार्ग तथा शांतिपूर्वक रैली निकालने के बारे में अवगत कराया। वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन ने आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने बताया कि 21 अगस्त को प्रस्तावित बंद के आह्वान के मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आरएसी और एसटीएफ की कंपनियां बुलाई गई है। जिन्हें विशेष रूप से हिण्डौन और करौली में तैनात किया जाएगा। इसमें धौलपुर कंपनी के अलावा एक हाड़ा रानी अजमेर शामिल है। इसके अलावा राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र किशनगढ़ से भी एक कंपनी को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वज्र वाहन, अग्निशमन, एसटीएफ की व्यवस्था रहेगी। शहर के प्रत्येक तिराहे, चौराहे पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनातगी की जाएगी। रिजर्व फोर्स के अलावा सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी अलर्ट मोड पर रहेंगे। करौली शहर में पुलिस अधिकारियों के अतिरिक्त करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं हिण्डौन सिटी में करीब 600 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।ड्रोन कैमरे से रहेगी नजर: पुलिस अधीक्षक के अनुसार शहर में ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई जाएगी। सुबह से ड्रोन कैमरा के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों से गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
