Aapka Rajasthan

Karoli विभिन्न रूटों पर नियम विरुद्ध चल रहे ऑटो, लोग परेशान

 
Karoli विभिन्न रूटों पर नियम विरुद्ध चल रहे ऑटो, लोग परेशान 

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुख्यालय से विभिन्न मार्गों पर दौड़ रहे ऑटो टेंपो की समस्या से निजी बस ऑपरेटर परेशान हैं। बस संचालकों का आरोप है कि ऑटो-टेम्पो संचालन केवल नगर परिषद क्षेत्र में होना चाहिए, लेकिन वो नियम विरुद्ध तरीके से विभिन्न मार्गों पर दौड़ रहे हैं। इससे बसों में यात्री भार लगातार घट रहा है। जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।  कई बार परिवहन विभाग अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत करा चुका है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। ऐसे में अब बस संचालकों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है। साथ ही निजी बस स्टैंड पर विरोध-प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। निजी बस संचालक अनिल शर्मा सहित अन्य ने बताया कि बड़ी संख्या में ऑटो-टेम्पो का संचालन करौली से मण्डरायल मार्ग, मासलपुर, कैलादेवी, गंगापुर सिटी तक हो रहा है। ये ऑटो-टेम्पो यात्रियों को बिठाकर ले जाते हैं, जिससे उन्हें बसों में यात्री ही नहीं मिलते। इस समस्या से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में बसों का टैक्स निकलना भी मुश्किल हो जाता है। हर महीने उन्हें सरकार को टैक्स चुकाना होता है, लेकिन लगातार यात्रीभार कम होने से खर्चा निकल पाना भी मुश्किल भरा हो रहा है।

बस संचालकों का कहना है कि नियमानुसार टेम्पो का संचालन नगर परिषद क्षेत्र में होना चाहिए, लेकिन परिवहन विभाग की अनदेखी से ऑटो-टेम्पो दूसरे शहर-कस्बों तक धड़ल्ले से यात्री लेकर जा रहे हैं। गुरुवार को विरोध-प्रदर्शन करते हुए जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर निजी बसों के हड़ताल की चेतावनी दी है। विरोध-प्रदर्शन के दौरान बिहारी सिंह, अनिल शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, गब्बरसिंह, मुकेश गुर्जर, अनूप शर्मा, रफीक खान सहित अन्य बस संचालक और ड्राइवर मौजूद रहे।जिला परिवहन अधिकारी धारा सिंह ने बताया कि ऑटो-टेम्पो का संचालन नगर परिषद क्षेत्र में ही होना चाहिए। इस सीमा से बाहर संचालित होने वाले ऑटो-टेम्पो के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रहे हैं। करीब 45 से अधिक ऑटो-टेम्पो के चालान किए हैं।