Aapka Rajasthan

Karoli अनंत चतुर्दशी पर जिले के 846 लाभार्थी परिवारों को कराया मंगल प्रवेश

 
Karoli अनंत चतुर्दशी पर जिले के 846 लाभार्थी परिवारों को कराया मंगल प्रवेश
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 846 लाभार्थी परिवारों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुवनेश्वर उड़ीसा में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान वर्चुअल रूप से आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर अनंत चर्तुदशी पर नूतन गृह प्रवेश कराया। योजना के तहत जिले के 3135 लाभार्थियों में से मंगलवार को 2542 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किश्त की राशि 3 करोड 81 लाख 30 हजार रुपए उनके खाते में हस्तांतरित की गई। अधिकारियों के अनुसार शेष लाभार्थियों की राशि भी उनके खाते में हस्तांतरित की जाएगी।

यहां टाउन हॉल सूचना केन्द्र में जिला स्तरीय समारोह में चयनित 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपकर उन्हें नूतन गृह प्रवेश कराया। इसी प्रकार पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर भी गृह प्रवेश समारोह आयोजित किए गए। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदयभानु चारण ने बताया कि जिले के पूर्ण 846 आवासों के 20 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां तथा आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र के साथ श्रीफल, फूलमाला/गुलदस्ता, मिठाई, उपहार स्वरूप एक शॉल तथा आवास स्वीकृति पत्र जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम, नप सभापति पूनम शर्मा, विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, हंसराज मीना सपोटरा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हाथों प्रदान किए गए।