Karoli 3 दिन में एक ही परिवार के 5 लोगों को सांप ने डसा
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली 3 दिन में एक परिवार के 5 लोगों और एक पड़ोसी महिला को सांप ने डस लिया। सांप के डसने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि अन्य 4 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।एक ही परिवार के 5 लोगों को सांप के डसने के कारण ग्रामीणों में डर फैल गया। उन्होंने सांप का ढूंढा और फिर मार दिया। घटना करौली जिले के मांची गांव की है।
लाइट चालू कर देखा तो शर्ट में घुसा था सांप
सांप के डसने से घायल बाबू सिंह (47) ने बताया- मैं, मेरा बेटा दीपेंद्र (18) और भतीजा नागेंद्र (31) मंगलवार रात को एक ही कमरे में सो रहे थे। बुधवार अलसुबह करीब पौने चार बजे सोते समय मुझे शरीर पर कुछ रेंगता हुआ महसूस हुआ। इस पर मैं जागा और लाइट चालू कर देखा तो एक सांप मेरी शर्ट में घुसा हुआ था।बाबू सिंह ने बताया- मैंने शोर मचाते हुए सांप को बाहर निकाल कर फेंका, जिससे सांप मेरे भतीजे नागेंद्र की तरफ चला गया। मैंने बेटे दीपेंद्र को देखा तो उसके पैर पर सांप के डसने का निशान था। सांप ने उसे मेरे जागने से पहले ही डस लिया था। इसके बाद परिजनों ने हमें अस्पताल पहुंचाया।दीपेंद्र ने बताया कि मुझे नहीं मालूम सांप ने मुझे कब डस लिया। पापा की शर्ट में सांप घुसने पर वह जोर से सांप-सांप चिल्लाए तो मैं नींद से उठा। उस समय मेरे पैर में दर्द हो रहा था। घरवालों मुझे बताया कि मुझे सांप ने डस लिया है।
2 लोगों के डसने के निशान मिले, 2 के नहीं
करौली हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा ने बताया- अपने घर में सो रहे एक ही परिवार के दीपेंद्र, नागेंद्र, बाबू सिंह को सांप ने डस लिया। पड़ोस में रहने वाली एक महिला अंकिता (30) पत्नी रोहित को भी सांप ने डसा है। अंकिता और दीपेंद्र के शरीर पर ही सांप के डसने के निशान मिले हैं, जबकि दो लोगों पर यह निशान नहीं मिले। फिर भी प्रोटोकॉल के हिसाब से सभी का इलाज किया जा रहा। अच्छी बात यह है कि जहर का असर कम है।
पिता-पुत्र की सांप के डसने से हो गई मौत
बाबू सिंह के बड़े भाई देवी सिंह ने बताया- 13 अक्टूबर को पुष्पेंद्र सिंह (32) और उनका बेटा गर्वित (4) कमरे में सो रहे थे। देर रात को दोनों को सांप ने डस लिया। हम लोग उनको लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद गर्वित को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुष्पेंद्र की भी करौली अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्रामीणों ने एक सांप को मारा, एक और होने की आशंका
एक ही परिवार के पांच लोगों और उनके घर से 100 मीटर दूर एक महिला को सांप के डसने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने सांप को ढूंढकर मार डाला। लोगों ने अंदेशा जताया कि अभी ऐसा ही जहरीला सांप एक और हो सकता है। उन्होंने वन विभाग से सांप को रेस्क्यू करने की मांग की है।
