Karoli 3 नकाबपोशों ने बंदूक की नोक पर कार सवार परिवार से की लूटपाट
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली चोरों ने चार दिन में तीन वारदातों को अंजाम दिया। बुधवार देर रात करीब 8 बजे थाने से 6 किमी दूर करणपुर-कैलादेवी मार्ग पर घाटी के ऊपर आशकी मोड़ पर तीन नकाबपोशों ने कैलादेवी से करणपुर आ रही कार में सवार एक महिला समेत चार लोगों को रोककर बंदूक की नोक पर मारपीट की, नकदी व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना की प्राथमिकी बबलू खेड़ा निवासी लखपत माली ने गुरुवार को थाने में दर्ज कराई। बबलू खेड़ा निवासी लखपत माली ने बताया कि वह अपने बड़े भाई हरी व बहन कैलाशी व जीजा कुमेर माली के साथ कार से गांव बाबुल खेड़ा आ रहा था।
करणपुर-कैलादेवी मार्ग पर आशकी मोड़ पर नकाबपोशों ने कार के आगे सड़क पार मोटरसाइकिल लगाकर कार को रुकवा लिया। गाड़ी के सभी खिड़की व गेट नहीं खुलने पर नकाबपोशों ने पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए तथा मेरे बड़े भाई हरी के सीने पर बंदूक तानकर मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया तथा मुझे गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट की। पर्स में रखे 3 हजार रुपए व जरूरी कागजात छीन लिए। मेरी बहन ने भी आभूषण पहने हुए थे, लेकिन वह गाड़ी से नीचे नहीं उतरी। नकाबपोशों ने जब पिकअप की लाइट आती देखी तो डरकर भाग गए, जिससे मेरी बहन के आभूषण बच गए।
लखपत माली ने बताया कि नकाबपोश मोटरसाइकिल पर खिजुरा गांव से उसकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। पीड़ित लखपत माली ने अपनी गाड़ी करणपुर घाटी के ऊपर छोड़ दी तथा सभी लोग 3 किमी पैदल घाटी में उतरे तथा बुधवार रात को ही पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बारिश के कारण करणपुर घाटी टूट गई तथा करणपुर से कैलादेवी मार्ग बुधवार रात को बंद हो गया। इसके कारण पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने रात्रि में ही वायरलेस से कैलादेवी पुलिस को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। इस घटना को लेकर गुरुवार को थाने में मामला दर्ज करवाया गया।करणपुर थानान्तर्गत महेश्वरा धाम स्थित झरने से चार दिन में बदमाशों ने दो बाइक चोरी कर ली। दोनों बाइक चोरी होने की थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। करीब 10 दिन पहले भी चोर महेश्वरा धाम से एक बाइक का पहिया रिम सहित चुरा ले गए थे।
