करौली में 30 साल से बंद रास्ता अब फिर से होगा चालू, एसडीएम ने मदन मोहन मंदिर मार्ग से हटाया अतिक्रमण
करौली में एसडीएम प्रेमराज मीना और नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि सुशील शर्मा ने मंगलवार को शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और अधूरे निर्माण कार्यों का जायजा लिया।अधिकारियों ने मदन मोहन जी मंदिर के सामने पिछले 30 वर्षों से बंद पड़े रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए।
इस मार्ग की सफाई के बाद सड़क निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इस ऐतिहासिक मार्ग को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।अधिकारियों ने कोफुटकोट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसकी मरम्मत करने तथा मदन मोहन जी मंदिर के पास नया शौचालय बनाने के निर्देश दिए। शहर में जलनिकासी व अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता दिनेश चांदा, आशुतोष तिवारी, कान्हा व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने वार्डों में जाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा समाधान का आश्वासन दिया। नगर परिषद की इस पहल पर स्थानीय लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
