Aapka Rajasthan

हजारों रूपए के गांजे के साथ Karauli पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर, नेटवर्क के अन्य अपराधियों को तलाशने में लगी पुलिस

 
हजारों रूपए के गांजे के साथ Karauli पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर, नेटवर्क के अन्य अपराधियों को तलाशने में लगी पुलिस 

करौली न्यूज़ डेस्क - करौली में कुडगांव थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 11 किलो 749 ग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 8 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी रिंकू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

उसके पास से गांजा बिक्री के 85 हजार 480 रुपए, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और हीटिंग मशीन भी बरामद की गई है। कुडगांव थानाधिकारी चंचल शर्मा ने बताया कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई।

पूछताछ में उसने खुद को सपोटरा बस स्टैंड कुडगांव निवासी रिंकू सिंह (32) बताया। पुलिस आरोपी से गांजा की खरीद-फरोख्त और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस कार्रवाई में कुडग़ांव थानाधिकारी चंचल शर्मा के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी देवेश कुमार सहित पुलिस टीम शामिल थी।