Aapka Rajasthan

Karauli शहर का 676वां स्थापना दिवस मनाया, की पूजा अर्चना

 
Karauli शहर का 676वां स्थापना दिवस मनाया, की पूजा अर्चना

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली शहर का 676वां स्थापना दिवस मंगलवार को मनाया गया। करौली की स्थापना के समय निर्मित भगवान कल्याण राय मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना कर भगवान से क्षेत्र में खुशहाली और अमन चैन की कामना की।

गौरतलब है कि करौली शहर की स्थापना कार्तिक शुक्ल देव उठनी एकादशी 1348 में हुई थी। इसी दिन भगवान कल्याण राय के मंदिर का निर्माण तत्कालीन राजा अर्जुन देव द्वारा कराया गया था। कल्याण राय मंदिर के नाम पर ही करौली का पूर्व नाम कल्याणपुरी था, जो बाद में बदलते हुए करौली हो गया। भगवान कल्याण राय मंदिर में आयोजित एक सादा कार्यक्रम में मदन मोहन मंदिर ट्रस्ट प्रबंधक मलखान पाल, किशन पाल सिंह, राजेंद्र दीवान, योगेंद्र सिंह, भूपेंद्र पाल सहित अन्य मौजूद रहे।

इस दौरान राज्याचार्य प्रकाश जती ने विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। भगवान कल्याण राय की विधि विधान से पूजा अर्चना कर क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। इस दौरान विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में क्षेत्र के ऐतिहासिक, धार्मिक महत्व तथा संस्कृति और विकास को लेकर चर्चा की गई। यहां गौरतलब है कि भगवान कल्याण राय मंदिर का निर्माण दक्षिण भारतीय शैली में रथ के आकार में किया गया है। काले पत्थर से निर्मित भगवान कल्याण राय की प्रतिमा में भगवान के सभी अवतारों का भी चित्रण किया गया है।