Aapka Rajasthan

Karoli पंचायतों में कार्यों का निरीक्षण, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

 
Karoli पंचायतों में कार्यों का निरीक्षण, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार को अचानक पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खेडला और बगीदा में मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हुए विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे। जहां पर उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा विकास कार्य का भौतिक सत्यापन और निर्माण कार्यों की जांच की। इस दौरान आधे से ज्यादा कार्य धरातल पर मौजूद नहीं मिले, जिस पर मीणा ने विकास कार्यों में धांधली पर नाराजगी जताई। कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के अचानक पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में औचक जांच से ग्राम पंचायत के सरपंचों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान पूर्व सरकार के कार्यकाल में निर्माण कार्यों में मिलीभगत से भुगतान उठाने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण के दौरान डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्रीय विधायक हंसराज मीणा ने मामला उठाया था। मामले की जांच के लिए कमेटी का भी गठन हुआ था। ग्राम पंचायतों में पूर्ववर्ती सरकार के समय भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। साथ ही ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की लगातार आरोप लग रहे थे।

ग्रामीणों के द्वारा अनियमितताओं की जांच की मांग भी उठाई जा रही थी। जिसको लेकर के डॉ. मीना में ग्राम पंचायत खेड़ला व बगीदा में विकास व निर्माण कार्य में गड़बड़ी की जांच की। मंत्री ने कहा की पंचायत समिति की ग्राम पंचायत में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। जिसे लेकर जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा की ग्राम पंचायत, पंचायत समिति व जिला परिषद स्तर से स्वीकृत 15वें वित्त आयोग व राज्य वित्त आयोग द्वारा स्वीकृत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज की योजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच की जा रही है।बाद में मंत्री ने पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर नाराजगी जताई। मंत्री अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।