राजस्थान के इस गाँव में लेपर्ड ने रातों-रात 30 बकरियों के हर लिए प्राण, भयानक मंजर से इलाके में दहशत का माहौल
करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र की अमरगढ़ ग्राम पंचायत के मोतीपुरा गांव में बीती रात तेंदुए के हमले से अफरा-तफरी मच गई। गांव के दो पशुपालकों रमेश माली और घनश्याम माली की करीब 30 बकरियां मर गईं। इनमें रमेश माली की 22 और घनश्याम माली की 8 बकरियां शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम को दोनों पशुपालक रोजाना की तरह बकरियों को बाड़े में बांधकर घर लौटे थे। रात को जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी तेंदुए ने झुंड पर हमला कर दिया।
सुबह उठे तो होश उड़ गए
अगली सुबह जब पशुपालक खेत की ओर गए तो देखा कि बाड़े का दरवाजा खुला हुआ था और बकरियों के शव बिखरे पड़े थे। यह नजारा देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई और गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोग डरे हुए हैं। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और रात्रि गश्त की मांग की है। वन विभाग ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और पशुधन की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पैंथर की बढ़ती मौजूदगी पर चिंता जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
