राजस्थान के इस जिले में झमाझम बारिश ने तोड़ा पिछले 12 सालों का रिकॉर्ड, आसमान से बरसे बादल बन गए आफत
राजस्थान के करौली जिले में इस बार मानसून की मेहरबानी बारिश का रिकॉर्ड तोड़ने को बेताब है। हालांकि अब तक हुई बारिश ने एक दशक से भी ज्यादा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 268.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि 30 जून तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो बारिश का यह आंकड़ा 203 मिमी है। जिले में मानसून का शुरुआती दौर काफी जोरदार रहा है। बारिश ने पूरे जिले को भिगो दिया है।
ऐसे में अभी बारिश का लंबा दौर बाकी है, जिससे उम्मीद है कि अगर मानसून इसी रफ्तार से चलता रहा तो पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड टूट सकता है। इस मानसून के पहले पखवाड़े के जल संसाधन विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार जिले में पिछले 11 सालों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। जिले में अब तक 268.7 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जबकि जिले में मानसून की बारिश का औसत आंकड़ा 596 मिमी माना जाता है। यानि महज एक पखवाड़े में ही औसत से करीब आधी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इससे जिले के बांधों व तालाबों में भी पानी की आवक हो रही है।
पांचना बांध में उठने लगी लहरें
शायद कई सालों बाद यह पहला मौका है, जब जिले का सबसे बड़ा पांचना बांध मानसून के शुरुआती दौर में ही मुस्कुराने लगा है। अब तक पांचना बांध में एक मीटर 40 सेंटीमीटर पानी बढ़ चुका है। बुधवार सुबह पांचना बांध का गेज 256.55 मीटर पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पांचना बांध जिले का सबसे बड़ा बांध है, जिसकी भराव क्षमता 258.62 मीटर है। इस साल 15 जून को बांध का जलस्तर 255.15 मीटर था, जो महज 17 दिन में ही 256.55 मीटर पर पहुंच गया है, जिससे बांध उफनने लगा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी जिले में रिकॉर्ड बारिश हुई थी, जिससे पांचना बांध लबालब भर गया था और कई बार ओवरफ्लो हुआ था तथा कई दिनों तक लगातार गेट खोलकर बांध से पानी गंभीर नदी में बहाना पड़ा था। पिछले वर्ष पांचना बांध से पानी निकासी का 19 वर्षों का रिकॉर्ड भी टूट गया था। इससे पहली बार बांध से भरतपुर के अजान बांध व घना में बड़ी मात्रा में पानी पहुंचा था।
करौली में अब तक 370 मिमी बारिश
इस वर्ष अब तक सबसे अधिक बारिश करौली क्षेत्र में दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग के अनुसार करौली में अब तक 370 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत बारिश से कहीं अधिक है। इसी प्रकार टोडाभीम में यह आंकड़ा 304 मिमी पहुंच गया है। वहीं जागर बांध क्षेत्र में 290 मिमी, पांचना बांध क्षेत्र में 325 मिमी तथा नादौती क्षेत्र में 253 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
इनका कहना है...
इस बार जिले में मानसून का शुरुआती दौर अच्छा रहा है। इस बार जून माह में पिछले 12 सालों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। बांधों और तालाबों में पानी की आवक जारी है। अभी मानसून का लंबा दौर बाकी है। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार जिले के लगभग सभी बांध और तालाब लबालब हो जाएंगे।
