पुराने बर्तन को लेकर राजस्थान के इस जिले में भाई ने किया भाई का खून, धारदार हथियार से छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
करौली न्यूज़ डेस्क - राजस्थान के करौली जिले के टोडाभीम उपखंड क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में दो सगे भाइयों के बीच पुराने बर्तनों को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि परिवार के अन्य सदस्यों ने छोटे भाई विजय सिंह मीना के घर में घुसकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छोटे भाई की मौत, दो घायल
जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना टोडाभीम के करीरी गांव में हुई। जहां सोमवार को दो भाइयों के बीच पुराने बर्तनों को लेकर झगड़ा हो गया। इस झगड़े में छोटे भाई विजय सिंह की मौत हो गई। वहीं, हमले में विजय सिंह का बेटा और उसकी पत्नी घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि झगड़े में बेटा ऋषिकेश मीना और पत्नी अनीता घायल हो गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी वांछित
घटना के बाद ऋषिकेश मीना ने टोडाभीम थाने में मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने कल्लूराम मीना, उसकी पत्नी इमरती और बेटी रचना समेत परिवार के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। एसएचओ कैलाश मीना ने बताया कि घटना के बाद आरोपी भाग गए और दौसा जिले के महवा की तरफ भागने की फिराक में थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
