राजस्थान के करौली में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 474 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी में पुलिस की 81 टीमों ने पकड़े 100 से ज्यादा अपराधी
भरतपुर रेंज के आईजी के निर्देशन में करौली जिले में दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान सम्पन्न हुआ। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।जिले में 331 पुलिसकर्मियों की 81 टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। टीमों ने 474 संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुल 120 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में 45 स्थाई वारंटी शामिल हैं। इनके अलावा जघन्य अपराधों में लिप्त 5 आरोपी और सामान्य अपराधों के 7 आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 24 लोगों को गिरफ्तार किया। 19 अन्य अधिनियमों के तहत कार्रवाई की गई। 65 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया।
एसपी उपाध्याय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर नकेल कसना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखना है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में भय का माहौल बना है। साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।एसपी ने कहा कि जिले में अपराध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के काम की सराहना की। साथ ही उन्होंने आमजन से सहयोग बनाए रखने की अपील की।
