Karauli जिले के जोड़ली गांव में किसान की मेहनत पर फिर पानी, जलकर ख़ाक हुई 5 बीघा में लगी सरसों की फसल
Mar 5, 2025, 14:50 IST
करौली न्यूज़ डेस्क - करौली के सपोटरा उपखंड के जोड़ली गांव में मंगलवार रात एक किसान की सरसों की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना रात करीब 10 बजे की है। किसान रामदयाल मीना ने अपनी 5 बीघा सरसों की फसल काटकर खलिहान में रखी थी। फसल को सुखाने और थ्रेसिंग के लिए एकत्र किया गया था। अचानक अज्ञात कारणों से खलिहान में रखी फसल में आग लग गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि फसल पूरी तरह जल गई। इस घटना से किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फसल जलने से किसान और उसका परिवार बेहद दुखी है। रामदयाल मीना ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
