राजस्थान के Karauli में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब! सैकड़ों किमी की पदयात्रा कर पहुंचे भक्तगण, जगह-जगह भंडारों का प्रबंध

करौली के प्रसिद्ध कैलादेवी आस्था धाम पर चैत्र नवरात्रि लक्खी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा देखने को मिला।डीजे पर बज रहे लांगुरिया व भजनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते माता के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। अमावस्या तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहेगा। इसके बाद वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा।
करौली-कैलादेवी मार्ग श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज रहा है। कई श्रद्धालु वाहनों में माता का दरबार सजाकर यात्रा कर रहे हैं। परिजन अपने छोटे बच्चों को रिक्शा व बुजुर्गों को व्हीलचेयर पर लेकर चल रहे हैं। पांचना बांध पर स्नान के लिए रुकने वाले श्रद्धालु अंजनी माता के दर्शन भी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में कई स्थानों पर भंडारे लगाए गए हैं। धार्मिक व सामाजिक संगठन भोजन, नाश्ता, विश्राम स्थल व चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की कतार के कारण वाहनों की गति भी धीमी हो गई है। हालात ये हैं कि करौली से कैलादेवी तक की 23 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को डेढ़ से दो घंटे का समय लग रहा है। कमोबेश यही स्थिति करौली हिंडौन मार्ग पर भी देखने को मिल रही है।