राजस्थान के करौली जिले में सरेआम गुंडागर्दी! लाइब्रेरी में पढ़ रहे छात्र को 7 लड़कों ने बेरहमी से पीटा, VIDEO वायरल
करौली के हिंडौन सिटी में लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्र की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। छात्र तरुण वर्धमान नगर स्थित गुरुकृपा लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहा था, तभी उसकी पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल तरुण शर्मा को राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं परिजनों की शिकायत पर नई मंडी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
घर लौटने पर तबीयत बिगड़ी, तब खुला राज
शिकायतकर्ता रविकांत शर्मा ने बताया कि उसका बेटा तरुण शर्मा रोजाना लाइब्रेरी में पढ़ाई करने जाता है। दो दिन पहले 16 मई को सचिन गुर्जर तिघरिया और उसके 6 अन्य साथी लाइब्रेरी में घुस आए और तरुण व एक अन्य छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घर लौटने पर छात्र की तबीयत बिगड़ी तो पूछताछ करने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
ब्राह्मण समाज में आक्रोश
इसके बाद रविकांत शर्मा ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई। वहीं ब्राह्मण समाज में आक्रोश है। समाज के लोगों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने नई मंडी थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों और गुंडा प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसएचओ कुलदीप ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद लाइब्रेरी संचालक को बुलाकर पूछताछ की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
