Karoli नाचते-गाते गोवर्धनजी रवाना हुए पदयात्री
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली श्री गोवर्धन सेवा समिति के तत्वावधान में लोदा दलपुरा गांव के सीतारामजी मंदिर से जयकारों के बीच गोवर्धनजी महाराज की 23वीं पदयात्रा रवाना हुई तो माहौल भक्तिमय बन गया। पदयात्रा में लोदा, हरलोदा, पालड़ी, जीतकीपुर, दलपुरा, धडांगा, भांवरा आदि गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे। बैंड-बाजा व आतिशबाजी के बीच पदयात्रा सीतारामजी मंदिर से रवाना होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए गोवर्धनजी के लिए रवाना हुई। पदयात्रा में श्रद्धालु गोवर्धनजी महाराज के भजनों पर नाचते गाते चल रहे थे।

इस दौरान जयकारों से माहौल धर्ममय हो गया। पदयात्रा का मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। आचार्य रामकिशन शर्मा ने पूजन कराया। पदयात्रा के अध्यक्ष अलूण्डा देवी माताजी के पुजारी रूप सिंह भगत, मुकेश मीणा, रामू प्रजापत, हिम्मतराम आदि ने पूजन किया। इस मौके पर गोवर्धनजी महाराज की झांकी सजाई गई। समिति के धर्म सिंह प्रजापत व अन्ताराम ने बताया कि पदयात्रा टोडाभीम, महुआ, कठूमर, डीग होते हुए 10 अगस्त को गोवर्धन धाम पहुंचेगी। जहां पदयात्री गोवर्धनजी की परिक्रमा करेंगे। 11 अगस्त को ध्वज अर्पण व भंडारे का आयोजन होगा।
