Aapka Rajasthan

पांचना बांध से जल्द मिलेगी खुशखबरी! अगले 3-4 दिन में भरने के करीब, मानसून की मेहरबानी से तेजी से बढ़ रहा जलस्तर

 
पांचना बांध से जल्द मिलेगी खुशखबरी! अगले 3-4 दिन में भरने के करीब, मानसून की मेहरबानी से तेजी से बढ़ रहा जलस्तर

करौली जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार रात जमकर बारिश हुई। टोडाभीम में सबसे ज्यादा 116 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि करौली शहर में 52 मिमी और पांचना बांध पर 55 मिमी बारिश हुई। टोडाभीम में साढ़े चार इंच बारिश से क्षेत्र के खेत लबालब भर गए।

जिले का सबसे बड़ा पांचना बांध इस बार आषाढ़ माह में ही लबालब होने के करीब पहुंच गया है। जिले में मानसून की मेहरबानी से इस बार बांध में पानी की अच्छी-खासी आवक हुई है। रविवार देर रात करौली और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद बांध में पानी की अच्छी-खासी आवक हुई।इससे सोमवार को बांध का जलस्तर काफी बढ़ गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार बांध का जलस्तर 257.90 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि बांध की कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है। ऐसे में जल संसाधन विभाग के इंजीनियर बांध पर नजर बनाए हुए हैं।

विभाग के सहायक अभियंता वीरसिंह जाटव और कनिष्ठ अभियंता भवानी सिंह अन्य कार्मिकों के साथ बांध में पानी की आवक पर नजर रखे हुए हैं। बहाव क्षेत्र के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे गंभीर नदी क्षेत्र में न जाएं और अपने पशुओं को भी वहां न जाने दें। हालांकि, दिन में बारिश थमने से पानी की आवक कम हो गई।

जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से बांध का जलस्तर बढ़ गया है। कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर के मुकाबले गेज 257.90 मीटर पर पहुंच गया है। ऐसे में बांध पर नजर रखी जा रही है।