Aapka Rajasthan

Karoli कार और बस के बीच भीषण टक्कर, पांच लोगों की मौत

 
Karoli कार और बस के बीच भीषण टक्कर, पांच लोगों की मौत
करौली न्यूज़ डेस्क, गंगापुर करौली नेशनल हाईवे 23 मार्ग में सलेमपुर पुलिस चौकी एवं अंबेडकर छात्रावास के समीप मंगलवार रात्रि को एक कार और निजी बस में भीषण भिंड़त हो गई। दुर्घटना में कार सवार पांच जनों की मौत हो गई, जिनमें महिला व पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि आपसी भिड़ंत में वाहन फंस गए। इस बीच दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य किया। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर एंबुलेंस से चिकित्सालय पहुंचाया। हादसे के मृतकों में कार सवार प्रीति भट्ट, नयन देशमुख, मनस्वी देशमुख, खुश देशमुख, अनीता देशमुख निवासी इंदौर हाल निवासी बड़ोदरा गुजरात शामिल है।

करौली चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा ने बताया कि हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से अरावली नगर करौली निवासी विनीत सिंहल, राजीव कॉलोनी गंगापुर सिटी निवासी सलीम और उसकी पत्नी नूरजहां, शिवराजलाल निवासी गुनेसरा, समय सिंह मीना निवासी गुनेसरा सहित करीब एक दर्जन घायल हैं। साथ ही अन्य कई घायलों का उपचार किया जा रहा है। कुछ घायल गंगापुरसिटी अस्पताल पहुंचे। घायल हुए लोग बस में सवार बताए गए हैं।

इधर दुर्घटना होने के बाद नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और करीब एक किलोमीटर तक दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे आवागमन भी बाधित रहा। मौके पर काफी भीड़ रही तथा पुलिस की ओर से वाहनों को निकालने एवं मार्ग को सुचारु करने के प्रयास किया जा रहे थे। ग्रामीण राहत कार्य में जुटे रहे। इधर चार मृतकों के शव को करौली चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना कर दी गई है।