Karoli शव के अंतिम संस्कार के दौरान अतिक्रमणकारियों ने किया पथराव
Dec 3, 2024, 14:30 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली मामचारी थाना क्षेत्र के गांव बावली में कुछ लोगों ने शवों की अंत्येष्टि की जगह पर अतिक्रमण कर रखा है। जिससे शवों के अंतिम संस्कार में परेशानी होती है। सोमवार को गांव में एक जने की मृत्यु होने पर परिजन के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर पहुंचे तो अतिक्रमियों ने उन पर पथराव कर दिया। वहां दाह संस्कार नहीं करने दिया। सूचना मिलने पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गिरदावर सत्तार खान, महोली पंचायत के पटवारी संजय शर्मा, ग्राम पंचायत करसाई के पटवारी सागर गौड,महोली सरपंच रंगलाल कोल, करसाई सरपंच प्रतिनिधि कुंजीलाल मीणा मौके पर पहुंचे। जिसके बाद शव की अंत्येष्टि हो सकी। भूमि पर अतिक्रमण होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीण सोहनलाल माली, प्रहलाद माली, कल्याण मेंबर, मनोज माली, बहादुर माली, मुकेश माली ने प्रदर्शन कर बताया कि भूमि पर अतिक्रमण से शवों का अंतिम संस्कार नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 10 माह पूर्व उन्होंने ग्राम सभा में प्रस्ताव रखकर सिवायचक भूमि को श्मशान के लिए आवंटित करने की मांग की थी। इसके बाद ग्राम पंचायत में भूमि आवंटन के लिए पैरवी की लेकिन भूमि आवंटित नहीं की गई है। जबकि इस भूमि पर अतिक्रमियों ने अतिक्रमण कर रखा है।ग्रामीणों से सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद अतिक्रमी भाग गए। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में शव की अंत्येष्टि शांतिपूर्ण तरीके से करवा दी गई। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
