Karoli कॉलेज परीक्षा में डमी अभ्यर्थी पकड़ा गया, पुलिस को सौंपा
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली कोतवाली थाना पुलिस ने राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा देते हुए एक मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी डमी परीक्षार्थी बनकर हिंदी साहित्य प्रथम वर्ष की परीक्षा दे रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।कोतवाली थाना अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय प्रिंसिपल डॉ. विश्राम लाल बैरवा ने करौली कोतवाली थाना पुलिस को राजकीय महाविद्यालय में डमी परीक्षार्थी के मिलने की शिकायत सौंपी थी। शिकायत में बताया कि राजकीय महाविद्यालय करौली में हिंदी साहित्य प्रथम वर्ष की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही थी। इस दौरान राजकीय पीजी महाविद्यालय की गठित उड़नदस्ता टीम की डॉ. लीना शर्मा, विनोद शंकर मीणा, गुंजन गर्ग, प्रेमचंद मीणा और महेश चंद मीणा राजकीय महाविद्यालय करौली में परीक्षार्थियों को चेक करने के लिए पहुंचे।

चैकिंग के दौरान परीक्षार्थी राकेश पुत्र हरगोविंद मीणा के स्थान पर राजेश पुत्र राजपाल मीणा निवासी नयापुरा राजौर थाना मामचारी को परीक्षा देता हुआ पाया गया। टीम सदस्यों ने प्रिंसिपल को डमी परीक्षार्थी की शिकायत की। प्रिंसिपल द्वारा सौंपी गई शिकायत के बाद डमी परीक्षार्थी को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
