Aapka Rajasthan

Karoli पांचना बांध के अब दो गेटों से पानी की निकासी, ओवरफ्लो

 
Karoli पांचना बांध के अब दो गेटों से पानी की निकासी, ओवरफ्लो 
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले में मानसून की मेहरबानी का दौर जारी है। इसके चलते जिले के प्रमुख-तालाब लबालब होकर छलक रहे हैं। जिले का सबसे बड़ा पांचना बांध तो पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से ओवरफ्लो हो रहा है, जिसके चलते बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। 258.62 मीटर की कुल भराव क्षमता कापांचना बांध कई बार लबालब हो चुका है, ऐसे में बांध से लगातार गंभीर नदी में पानी निकासी की जा रही है। वहीं जिले के अन्य चार बांध भी छलक रहे हैं। इनमें सपोटरा के कालीसिल बांध पर तो 3 फीट से अधिक की चादर चल रही है। कुल 25 फीट भराव क्षमता के कालीसिल बांध पर 3.2 फीट की चादर चल रही है। बांध पर चादर के नजारे को देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। इसी प्रकार करौली के समीप मामचारी बांध भी पिछले कई दिनों से छलक रहा है। कुल 19 फीट की भराव क्षमता के मामचारी बांध पर इन दिनों 10 इंच की चादर चल रही है, तो मण्डरायल का नींदर बांध भी लबालब है। इस बांध पर करीब 2 फीट की चादर चल रही है। वहीं नादौती इलाके का फतेहसागर बांध भी लबालब है। कुल 16 फीट की भराव क्षमता के फतेहसागर में 8 इंच की चादर चल रही है। गौरतलब है कि जिले में जल संसाधन विभाग के अधीन कुल 13 बांध हैं।

पांचना में फिर बढ़ा पानी, बढ़ाई निकासी : शनिवार रात हुई बारिश के चलते पांचना बांध में पानी की आवक बढ़ गई। ऐसे में विभाग को एक और गेट खोलकर पानी निकासी की मात्रा बढ़ानी पड़ी। शनिवार को दिन में बांध का एक गेट खोलकर 437 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी, लेकिन क्षेत्र में हुई बारिश से बांध में पानी की आवक बढ़ गई, जिससे विभाग को एक और गेट खोलना पड़ा। साथ ही पानी की निकासी भी 5 हजार क्यूसेक तक करनी पड़ी।

फिर झमाझम बरसा पानी: मानसून के दौर के बीच शनिवार रात एक बार फिर जिले के विभिन्न स्थानों पर झमाझम बारिश का दौर चला। जल संसाधन विभाग के अनुसार शनिवार को सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक सर्वाधिक बारिश सपोटरा के कालीसिल बांध क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 100 एमएम यानि 4 इंच बारिश हुई। जबकि करौली में 47 एमएम, सपोटरा में 46 एमएम, मण्डरायल में 23 एमएम, पांचना बांध क्षेत्र में 17 एमएम, नादौती में 10 एमएम, टोडाभीम में 19 एमएम बारिश दर्ज की गई।