Aapka Rajasthan

Karoli वेयरहाउस के तौल कांटे पर सरसों की तुलाई में आ रही दिक्कत, व्यापारियों को नुकसान

 
Karoli वेयरहाउस के तौल कांटे पर सरसों की तुलाई में आ रही दिक्कत, व्यापारियों को नुकसान

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली राजस्थान स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गांव ढहरा स्थित वेयर हाउस के धर्मकांटे में नैफैड की ओर से बेची जा रही सरसों की तुलाई में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ट्रक में एक से सवा क्विंटल सरसों का वजन कम मिलने पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया है। सोमवार सुबह खरीदार फर्मो के प्रतिनिधियों व कार्मिकों में धर्म कांटे के तोल में झोल होने को लेकर कहासुनी हो गई। खरीदी वजन के मुताबिक ट्रकों से तेल कंपनियों में सरसों नहीं पहुंचने पर भरतपुर ऑयल मिल एसोसिएशन ने करौली कलक्टर नीलाभ सक्सेना को पत्र भेज कर शिकायत की है। व्यापारियों ने बताया कि नैफेड की ओर से किसानों से एमएसपी पर खरीदी सरसों को राजस्थान स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (आरएसडब्ल्यूसी) के गोदामों में भण्डारित किया हुआ है। जिसमें करीब 4.50 लाख कट्टे सरसों हैं। नैफेड द्वारा इनमें से 1 लाख 40 हजार कट्टों के बेचान का टेण्डर जारी किया था।

जिसे भरतपुर अलवर व कोटा की तेल मिलों द्वारा खरीदा जा रहा है। बेचान टेण्डर के तहत गांव ढहरा स्थित आरएसडब्ल्यूसी के गोदामों से सरसों का बेचना किया जा रहा है। आरएसडब्ल्यूसी के धर्मकांटे पर सरसों के कट्टों से लदे ट्रक की तुलाई दूसरे धर्मकांटों पर कराने पर वजन में 90 से 110 किलोग्राम की कमी आने से खरीदार चौक गए। भरतपुर की गर्ग ऑयल इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि अनवर खां ने बताया कि आरएसडब्ल्यूसी के स्थानीय प्रबंधक को कई बार अवगत कराने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सोमवार सुबह तुलाई में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाने पर मौके पर मौजूद कार्मिकों द्वारा व्यापारियों से अभद्रता की गई। हंगामा के चलते सुबह गोदाम से सरसों के कट्टों का लदान व तुलाई कार्य धीमा रहा। ऐसे में बाहर सड़क पर ट्रकों की लम्बी कतार लग गई। इधर मामले में भरतपुर ऑयल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने करौली कलक्टर को भेजे पत्र में शिकायत की है कि नैफेड अपने वेयरहाउस के धर्म कांटे से सरसों तोल कर देती है, लेकिन दूसरे कांटों पर उसका वजन कम आ रहा है। इस मामले में आरएसडब्ल्यूसी के प्रबंधक विक्रांतसिंह से बात करनी चाही, लेकिन अवकाश पर होने से मोबाइल पर सम्पर्क नहीं हो सका। तीन धर्मकांटों पर अलग वजन

भरतपुर की ऑयल कम्पनी के प्रतिनिधि अनवर खां ने बताया कि गत दिवस सरसों के 520 कट्टों से लदे ट्रक का वजन आरएसडब्ल्यूसी के कांटे पर 26350 किलोग्राम था। बाहर रीको क्षेत्र में तुलाने पर वजन 26260 किलोग्राम निकला। भरतपुर कम्पनी में उतराई से पूर्व तोलने पर वजन 26240 पाया गया। कमोबेश यह गड़बड़ी प्रत्येक ट्रक की तुलाई में मिल रही है। इधर वेयरहाउसिंग में तुलाई व अन्य कार्य देख रही कम्पनी एसएलएल के प्रभारी हेमंत जैन ने बताया कि समय समय पर कांटे का कैलीव्रेशन कराया जाता है।