करौली में भक्तों का सैलाब! 27 मार्च से शुरू होगा कैलादेवी मेला, परिवहन व्यवस्था रहेगी मजबूत
करौली न्यूज़ डेस्क - राजस्थान के करौली जिले में स्थित कैला देवी मंदिर उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक है। हर साल चैत्र माह में यहां लक्खी मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु आते हैं। इस साल मेला 27 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल तक चलने वाला है। मेले में शामिल होने के लिए 7 दिन पहले से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थी आने लगे हैं।
50 से 60 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
हर साल कैला माता मेले में आगरा, सबलगढ़, मुरैना, धौलपुर समेत अन्य राज्यों से श्रद्धालु आते हैं और मां के चरणों में मन्नत मांगते हैं। मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक इस साल मेले में 50 से 60 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर ट्रस्ट प्रबंधक विवेक द्विवेदी का कहना है कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेले को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल प्रशासन के साथ सभी लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दुकानदारों को व्यापारिक दृष्टि से काफी लाभ
कैलादेवी मेला शुरू होने से पहले ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है, जिसके चलते दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आने लगी है। दुकानों पर माता की तस्वीरें, भोग, प्रसाद, मालाएं, खिलौने व अन्य सामान बिक रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मेले में 50 से 60 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिसके चलते दुकानदारों को व्यापारिक दृष्टि से काफी लाभ होता है। दुकानदारों की इतनी कमाई हो जाती है कि वे पूरे साल गुजारा कर सकते हैं। स्थानीय रोजगार की बात करें तो लोग इस दौरान दिहाड़ी मजदूरी, गाइड, होटल, वाहन सेवा आदि के जरिए कमाई करते हैं। व्यापारियों व छोटे दुकानदारों के लिए यह मेला अर्थव्यवस्था का बड़ा सहारा बनता है।
कैलादेवी मेले में रोडवेज की 350 बसें तैनात
कैलादेवी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए हैं। इस बार राजस्थान रोडवेज की ओर से यात्रियों के लिए 350 बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि विभिन्न शहरों व कस्बों से लोग आसानी से माता के दर्शन के लिए पहुंच सकें। अतिरिक्त बसों की बात करें तो ग्वालियर, आगरा, मथुरा, धौलपुर, जयपुर समेत विभिन्न डिपो से बसें चलाई जाएंगी। यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अस्थायी टिकट के लिए बस स्टैंड पर काउंटर लगाए जाने हैं।
24 मार्च से 15 अप्रैल तक बसों का संचालन किया जाएगा
हिंडौन रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी संदीप सांखला ने बताया कि कैलादेवी मेले के लिए 45 डिपो से बसों की व्यवस्था की गई है। विभाग की ओर से संचालित बसें श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने का काम करेंगी। रोडवेज बसों का संचालन 24 मार्च से 15 अप्रैल तक जारी रहेगा।
