Aapka Rajasthan

Karoli श्रावण तीज पर मदन मोहनजी की झूलन झांकी देखने उमड़े श्रद्धालु

 
Karoli श्रावण तीज पर मदन मोहनजी की झूलन झांकी देखने उमड़े श्रद्धालु

करौली न्यूज़ डेस्क, बृज संस्कृति से ओतप्रोत करौली में सावनी तीज पर यहां के प्रसिद्ध मदनमोहनजी मंदिर सहित अनेक मंदिरों में भगवान के विग्रहों को झूले में झुलाने की झांकी सजाई गई। भगवान के हिण्डौले की झांकी के दर्शनों के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इलाके के प्रसिद्ध मदनमोहनजी मंदिर में हजारों लोग झूला झांकी के दर्शन करने के लिए पहुंची है। सुबह से ही मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही भगवान की झूला की झांकी दर्शन के लिए पट खुले तो मंदिर प्रांगण बंशीवारे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर खुशहाली की मनौती मांगी। इस मौके पर करौली जिले के सपोटरा, हिण्डौन, मण्डरायल, नादौती, टोडाभीम के अलावा धौलपुर के बाड़ी, बसेड़ी, धौलपुर, सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर, खण्डार सहित लालसोट आदि स्थानों से हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शनों को पहुंचे। इधर मदनमोहनजी के अलावा शहर के नवलबिहारीजी, गोविन्ददेवजी आदि मंदिरों में भी भगवान की झूला झांकी सजाई गई। इधर व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

वर्ष में दो बार होते हैं झूला झांकी के दर्शन

गौरतलब है कि करौली के प्रसिद्ध मदनमोहनजी मंदिर में वर्ष में दो बार भगवान के विग्रह की झूला झांकी सजाई जाती है। चांदी के बड़े झूले में भगवान के विग्रह को रखा जाता है। श्रावणी तीज और धूलण्डी पर्व पर भगवान की झूला झांकी सजती है। झूला झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।