Karoli खुश्मेश्वर महादेव के सहस्त्रघट में उमड़े श्रद्धालु
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली सावन के महीने में शिव मंदिरों में भगवान महादेव की विशेष पूजा अर्चना व सहस्त्रघट के कार्यक्रमों से माहौल धर्ममय बना हुआ है। गुलाब की इंदिरा कॉलोनी में शुक्रवार को खुशमेश्वर महादेव मंदिर में शिवजी के सहस्त्रघट किया गया। जिसमें काफी श्रद्धालु शामिल हुए। इस मौके पर महादेवजी की फूल बंगला झांकी सजाई गई। महिलाओं ने भजन गाए। श्रद्धालु मुकेशचंद ने बताया कि महादेवजी की बिल्व पत्र व फूलों से झांकी सजाकर सहस्त्रघट किया। भक्तों से सहस्त्र जलधाराओं से महादेवजी का जयकारों के साथ जलाभिषेक किया। इससे पहले पंडितों ने विधि-विधान से पूजा की। मंदिर में दिनभर भजन कीर्तन हुए। कार्यक्रम में कॉलोनी के कई भक्त शामिल रहे।
गांव जटवाड़ा में पहाड़ी पर स्थित सिद्ध बाबा के प्राचीन मंदिर पर चल रहे रामचरित मानस के अखंड पाठ से माहौल भक्तिमय बना है। सावन माह में चल रहे आयोजन से मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीण राजगिरीश सहारिया राधा रमन व अशोक सहरिया ने बताया कि सिद्ध बाबा के प्राचीन मंदिर में कई दशक से सावन माह में रामचरित मानस का अखंड पाठ किया जाता है। इस बार भी ग्रामीणों की ओर से संगीतमय पाठ का आयोजन किया है। इस दौरान सिद्ध बाबा मंदिर पर रोशनी से सजावट की गई है। रात्रि में ग्रामीणों द्वारा मंदिर पर भगवान भोलेनाथ के भजन एवं दिन में महिला भक्त मंडल की ओर से भजन पाठ किए जा रहे हैं। सावन में पहाड़ी के हरयाली की चादर ओढ़ने से मंदिर का नजारा मनोरम बना हुआ है।
श्रीमहावीरजी कस्बे में शुक्रवार को कावड़ियों का जत्था बम बम भोले के जयकारों के साथ हरिद्वार से कावड़ में गंगाजल भरकर बालाजी मंदिर पहुंचा। जहां विधि विधान से महादेवजी का अभिषेक कियाग या। श्रद्धालु दर्शन सिंह ने बताया कि करीब 30 कावडिय़े हरिद्वार से कावड़ भरकर पहुंचे। जिनका बैण्डबाजे व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। दुब्बी से देवनारायण मंदिर तक सैकड़ों महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। बालाजी मंदिर पर देशराज गुर्जर, तेजसिंह सहित अन्य कावडिय़ों ने विधि-विधान से अभिषेक किया।
