Karoli नोटिस के बावजूद नहीं माने नगरपरिषद आयुक्त ने 23 लोगों की निर्माणाधीन इमारतें की सील
ज्यादातर व्यवसायिक निर्माण : नगरपरिषद की ओर से सोमवार को हाईवे के किनारे नियमों के खिलाफ किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई की गई। जिन भवनों पर कार्रवाई की गई है, उनमें से अधिकांश का व्यवसायिक प्रयोजन के लिए निर्माण किया जा रहा था।
पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
सुबह करीब 9 बजे नगरपरिषद आयुक्त करणी सिंह, तहसीलदार एवं कार्यवाहक एसडीएम महेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम, थानाधिकारी सुनील कुमार, एएओ आकाश शर्मा, राहुल सहित नगरपरिषद दस्ता मेगजीन पहुंचा। जहां हाइवे किनारे महेन्द्र मीणा के निर्माणाधीन 6 मंजिला भवन को सीज किया। आसपास लोगों ने बताया कि यह निर्माण निजी हॉस्पीटल के लिए किसी चिकित्सक द्वारा कराया जा रहा है। इसके बाद दस्ते ने ट्रक यूनियन तक कैलाश मीणा, अनिल महाजन, सुनील, रामस्वरूप लोधा, वेदप्रकाश लोधा, रमेश शर्मा, यशवेन्द्र सिंह के यहां भवन सीज कर नोटिस चस्पा किए। केशवपुरा पुलिया पर एक निर्माण सीज किया गया। इसके अलावा गुलाब बाग में दीनदयाल, रूपेश सिंघल, रमेश सिंघल, जेटूसिंह, कुंजी पंडित, मदनमोहन शर्मा, स्टेडियम के सामने गोविन्द सराफ, हेमेन्द्र व्यास, रमेश शर्मा, उपेन्द्र सिंह, भीमनगर पुलिया के पास सुरेन्द्र गुर्जर, हाथीघटा के पास राजरानी, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास रमेश चंद गर्ग के निर्माण को सीज कर नोटिस चस्पा किया। ऐसे में कुल 23 भवनों को सीज कर नोटिस चस्पा किए गए।
