Aapka Rajasthan

Karoli परचून की दुकान में सिलेण्डर से लगी आग, मची अफरा-तफरी

 
Karoli परचून की दुकान में सिलेण्डर से लगी आग, मची अफरा-तफरी

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  यहां मंडरायल मार्ग स्थित रणगवा तालाब के समीप सोमवार को एक दुकान में सिलेंडर पर चाय बनाते समय आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नगरपरिषद से दमकल पहुंची और दमकलकर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इससे पहले आग के कारण दुकान में हजारों रुपए का सामान जलने से नुकसान हुआ। दमकल विभाग की लीडिंग फायरमैन भावना गुर्जर, फायरमैन पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि तीसरे पहर रणगवा तालाब के पास अब्दुल की परचून और चाय की दुकान में सिलेंडर पर काम करते समय आग लगने की सूचना मिली।

सूचना पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। जहां लोगों ने जलते घरेलू गैस सिलेंडर को सड़क किनारे एक ओर डाल रखा था। वहीं सड़क के दूसरी ओर दुकान में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अज्ञात कारणों से परचून की दुकान में आग लग गई, जिससे सामान जल गया। दुकानदार अब्दुल ने बताया कि उसकी दुकान में खाद विक्रेता मुकेश कुमार के भी खाद के कट्टे रखे हुए थे। आग के कारण खाद के कट्टे जलकर नष्ट हो गए। इस दौरान टीम में फायरमैन पिंकेश मीना, पुष्पेन्द्र शर्मा, आमिर खान, अजीत गुर्जर, मूलीबाई मीना, रवीना मीना आदि शामिल रहे।