कांग्रेस नेता मर्डर केस! पुलिस के हत्थे चढ़े दो मुख्य आरोपी, सिर पर रखा था ₹50,000 का बड़ा ईनाम
राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना पुलिस ने कांग्रेस के युवा नेता भूपेंद्र सिंह की हत्या के दो मुख्य आरोपियों को 20 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान हिस्ट्रीशीटर देवी सिंह उर्फ देवा ठाकुर और रंजीत ठाकुर के रूप में हुई है। धौलपुर एसपी ने दोनों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
11 मार्च को हुआ था हमला
पुलिस ने बताया, '11 मार्च 2025 को भूपेंद्र सिंह ठाकुर राजाखेड़ा कस्बे में पंचायत समिति गेट के सामने खड़े थे। पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर देवी सिंह और रंजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर भूपेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और 12 मार्च को इलाज के दौरान आगरा के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पहले भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन मुख्य आरोपी देवी सिंह और रंजीत ठाकुर फरार चल रहे थे।'
एनकाउंटर के डर से आगरा कोर्ट में किया सरेंडर
भूपेंद्र की हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। लेकिन वे पकड़े नहीं जा रहे थे। बाद में पुलिस के डर से दोनों आरोपियों ने आगरा कोर्ट में सरेंडर कर दिया। राजाखेड़ा थाना पुलिस ने अब आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। राजाखेड़ा थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस हत्या के मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद दोनों को धौलपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गहलोत-डोटासरा ने की थी कार्रवाई की मांग
अशोक गहलोत ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'कांग्रेस परिवार के युवा नेता भूपेंद्र सिंह राजपूत पर हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पूरे प्रदेश में हिंसा, गुंडागर्दी और हत्या अब आम बात हो गई है और प्रदेश की जनता कानून व्यवस्था की स्थिति से असंतुष्ट है जो हर दिन बिगड़ती जा रही है।'
