Karoli में सर्द होने लगी हवाएं, पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस
उत्तर भारत में स्नोफॉल (बर्फ गिराना) शुरू होने से सोमवार को क्षेत्र में भी सर्दी तेजी की ओर बढऩे लगी है। दिन भर ठंडी हवाएं चलने से लोगों गर्म कपड़े पहने रहे। दिन में ठण्डक बढऩे से धूप भी नर्म मिजाज में रही। पार्कों और मकानों की छतों पर लोग गर्म धूप में बैठे दिखे। कृषि विभाग केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार सोमवार को सुबह न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रविवार को तापमान में गिरावट 7.9 डिग्री सेल्सियस तक रही थी। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 15 डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर होने से सुबह व शाम की सर्दी बढ़ गई है।
बालघाट कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में कुछ दिन से शीतलहर चलने से सर्दी का असर तेज हो गया है। सर्दी के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं दोपहर को धूप का असर भी कमजोर हो गया है। लोगों को गुनगुन धूप सुहाने लगी है। रात के तापमान में गिरावट के कारण सर्दी तेज हो रही है। उत्तरी भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण यहां मैदानी इलाकों में सर्दी लगातार बढ़ रही है।जिससे लोगों ने अलाव तापना शुरू कर दिया है। सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव आया है। सुबह-शाम अब धूजणी लगने लगी है। तेज सर्दी के कारण गेहूं व सरसों की फसल में रंगत आने लगी है।
