Karauli में देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी का जन्मोत्सव मनाया
करौली न्यूज़ डेस्क, हिंडौन सिटी के मोहन नगर स्थित श्री श्याम मंदिर सेवा धाम में देवउठनी एकादशी पर खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया। इसी के साथ सुबह मंगला आरती के साथ छप्पन भोग के दर्शन शुरू हुए। मंदिर परिसर में मनमोहक श्रृंगार किया गया है। जिसमें रंग बिरंगे गुब्बारे, फूल व पत्तियों की मालाओं से सजावट की गई है। एक दिन पूर्व शयन आरती के उपरांत ही मंदिर में सजावट शुरू हो गई थी।
इस दौरान श्याम बाबा, राधा कृष्ण और गिर्राज धरण दरबार में छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, नमकीन और फल की थाली सजाई। मंदिर में सुबह से ही श्याम भक्तों का आने का सिलसिला शुरू हो गया। कई स्थानों से पदयात्रा भी पहुंची।
मंदिर में दर्शन के साथ श्याम बाबा के जयकारे गूंजते रहे। वहीं मंदिर के आसपास फूल, माला, प्रसाद व खिलौनों की अस्थाई दुकानें भी सजी हुई है। श्याम बाबा की शीश प्रतिमा को ऑर्केट फूलों की मालाओं से विशेष श्रृंगार किया। श्याम भक्तों ने दर्शन के साथ धोक लगाकर खुशहाली की मन्नतें भी मांगी। ग्रामीण क्षेत्रों से भी महिलाएं, पुरुष व बच्चे -युवा पदयात्री के रूप में दर्शन के लिए पहुंचे।
