Karoli एनसीसी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कैडेट्स ने दिया समाज सेवा का संदेश
Nov 25, 2024, 15:44 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, नेशनल कैडिट कोर(एनसीसी ) के 76वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गत दिवस शहर के एक विद्यालय के एनसीसी कैडिट्स ने जिला चिकित्सालय में पहुंच रोगियों को फल वितरित किए। छात्र-छात्रा कैडेट्स ने एनसीसी ऑफीसर के नेतृत्व में रोगियों की कुशलक्षेम पूछकर एनसीसी की समाज सेवा में सहभागिता का संदेश दिया।बाइपास रोड पटेल नगर के विद्यालय के एनसीसी ऑफीसर श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि 14 राजस्थान एनसीसी बटालियन कोटा की छात्र- छात्रा विंग यहां संचालित है। देशभर में एनसीसी द्वारा 19 से 25 नवम्बर तक एनसीसी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत समाज सेवा व राष्ट्र सेवा के संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।
वर्दीधारी एनसीसी कैडेट्स ने जिला अस्पताल में वृद्ध व अकेले पहुंचे रोगियों को सहारा दिया। साथ ही डीडीसी काउंटर पर दवाएं दिलवाने में मदद की।इस दौरान मौजूद सेना से सेवानिवृत कैप्टन लखनसिंह गुर्जर ने कैडेट्स को एनसीसी की महत्ता के बारे में बताया। एनसीसी भारतीय सशस्त्र बलों की युवा शाखा के रूप में स्वैच्छिक संगठन है। जो स्कूल व कॉलेजों में संचालित होता है। एनसीसी कैडेट्स देश में आपदाओं में बचाव कार्यों के साथ सामाजिक क्षेत्रों के कार्यों में सहयोग करते हैं। देश के लिए उनकी सेवाएं हमेशा सर्वोपरी रही है। कार्यक्रम में कैडेट्स ने उत्साह से भाग लिया।
