Aapka Rajasthan

karoli जिले में बारिश के बाद टूटी सड़कें, सवार हो रहे परेशान

 
karoli जिले में बारिश के बाद टूटी सड़कें, सवार हो रहे परेशान

करौली न्यूज़ डेस्क, जिले में भारी बारिश के बाद खराब सड़क और गड्ढे आमजन के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। जिला मुख्यालय सहित उपखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं। खराब सड़कों के कारण वाहन सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, हिचकोले भरी राह लोगों को दर्द दे रही है। बढ़ती दुर्घटनाओं के बावजूद जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग समस्या समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है। क्षेत्रवासी सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग कर रहे हैं।

करौली जिला मुख्यालय पर मैगजीन क्षेत्र से निकल रहे एनएच-23 सड़क पर बने गड्ढे और खराब सड़क के कारण वाहन सवारों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बारिश से पूर्व भी सड़क पर बने गड्ढे और खराब सड़क के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी, लेकिन भारी बारिश के बाद खराब हुई सड़क और गड्ढों में भरे पानी के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। ऐसे में आए दिन इस क्षेत्र में दोपहिया और अन्य वाहन सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल होते हैं। हालांकि बारिश से पूर्व लोगों की शिकायत पर प्रशासन द्वारा मोरम डालकर गड्ढों को भरने का प्रयास किया गया, लेकिन बारिश के बाद मिट्टी बहने से स्थिति वहीं पर आकर रुक गई।

वहीं, एनएच 23 पर जल भराव के कारण नाला निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। नाला निर्माण के चलते सड़क पर आगे ट्रैफिक को रॉन्ग साइड की लाइन में डाइवर्ट किया हुआ है। ऐसे में जल भराव वाले क्षेत्रों में कीचड़ और दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। पिछले काफी समय से स्थिति यही है। इसके अलावा करौली में पुराने आरटीओ ऑफिस के पास, अंबेडकर सर्किल के पास सहित अन्य स्थानों पर भी खराब सड़कों के कारण वाहन सवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय के साथ ही उपखंड मुख्यालय के शहरी क्षेत्र में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में तो भारी बारिश के बाद और भी ज्यादा खराब हालात हैं।