Karoli पुलिस नाकाबंदी में अवैध विस्फोटक से भरी बोलेरो जब्त, चालक फरार
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के मामचारी थाना पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक पदार्थ जब्त किया है। साथ ही एक बोलेरो को भी जब्त किया है। जबकि बोलेरो ड्राइवर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस बोलेरो कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। मामचारी थाना अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि कॉन्स्टेबल सत्येंद्र, बंटी, राजपाल, रामगोपाल, लक्ष्मी नारायण क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान टीम गश्त करते हुए करसाई, महोली, आलमपुर पहुंची। जहां मुखबीर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो लांगरा की तरफ से डांग बहादुरपुर विसूरी की तरफ जा रही है। बोलेरो में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री भरी हुई है।
मुखबिर की सूचना पर थाना अधिकारी टीम के साथ बहादुरपुर विसूरी सड़क पर पहुंचे और नाकाबंदी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान लांगरा की तरफ से सफेद रंग की बोलेरो कार आती हुई दिखाई दी। जिससे रुकवाने के लिए हाथ का इशारा किया। बोलेरो ड्राइवर ने पुलिस दल को देखकर गाड़ी को एक साइड में खड़ी कर दी और जंगल में भाग गया। पुलिस जाब्ता ने घेरा देकर गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन आरोपी जंगल का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने बोलेरो को चैक किया तो अंदर 17 सौ छड़, 90 पावर डेटोनेटर, 88 छड़ बड़ी और 9 बंडल लाल बत्ती बायर की मिली। पुलिस ने अवैध विस्फोटक को जब्त कर परिवहन के काम में ली जा रही बोलेरो कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा बोलेरो नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच मामचारी थाने के सहायक उप निरीक्षक प्यारेलाल कर रहे हैं।
