Karoli आयुष्मान आरोग्य शिविर में रक्तवीरों ने दिखाया उत्साह, 73 यूनिट किया रक्तदान
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली राज्य सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर रविवार को करौली व हिण्डौन के जिला चिकित्सालय में आयुष्मान आरोग्य रक्तदान शिविर लगा। सर्द हवाओं के बीच रक्तदाताओं ने आपात स्थिति में दूसरों की जीवन रक्षा के लिए उत्साह दिखा 73 यूनिट रक्तदान किया। करौली चिकित्सालय में 22 यूनिट व हिण्डौन में 51 यूनिट रक्तदान किया गया। सामान्य चिकित्सालय में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आयुष्मान आरोग्य रक्तदान शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामकेश मीना ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साह से भाग लिया और 22 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने में अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल रहे। रक्तदान शिविर में विधायक दर्शनसिंह गुर्जर व जिला कलक्टर नीलाभ सक्सैना मौजूद रहे। करौली ब्लड बैंक प्रभारी प्रमोद गुप्ता ने बताया कि रक्तदान शिविर में पैथोलॉजी डॉ. धर्मबाई की निगरानी में 5 सदस्यीय रक्त संग्रहण टीम ने 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया।
राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को जिला चिकित्सालय आयुष्मान आरोग्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगा। शिविर का उद्घघाटन पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने मां सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव व भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार सैनी, जिला संगठन प्रभारी प्रेम प्रकाश शर्मा, भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा, सदस्यता अभियान जिला सहसंयोजक दिलीप गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान सही मायने में जीवन दान है। इससे दूसरे की जीवन रक्षा होती है। पीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि जिला चिकित्सालय में शीघ्र ही ब्लड बैंक शुरू होने की संभावना है। इससे लोग यहां नियमित रक्तदान किया जा सकेगा। भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष अनिल गोयल, नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष दिनेश सैनी, पूर्व मण्डल महामंत्री बबली चतुर्वेदी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लज्जारानी अग्रवाल, गिर्राज मित्तल, गोपाल बंसल, उदय धाकड़, भाविप के प्रांतीय प्रभारी पंकज जैन, शाखा अध्यक्ष उपेन्द्र गुप्ता, संरक्षक अशोक गर्ग, रक्तदान प्रभारी मोहित मित्तल, ज्योति सहारिया,सतपाल डागुर आदि मौजूद रहे।
